उत्तराखंड में विद्यालयी शिक्षा के तहत कक्षा नौ से 12वीं तक पढ़ने वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए पांच अंकों की छूट मिलेगी। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में पास होने के लिए न्यूनतम 28 प्रतिशत अंक लाने होंगे।
विज्ञापन
अभी तक निर्धारित उत्तीर्णांक प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को इस निर्णय से राहत मिलेगी। पांच अंकों की छूट मिलने से उन्हें परीक्षा में उत्तीर्ण होने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। हालांकि, व्यावसायिक शिक्षा के विषयों में उत्तीर्ण होने के मानकों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इन विषयों में पहले से लागू व्यवस्था ही प्रभावी रहेगी। शिक्षा सचिव ज्योति यादव ने जारी आदेश में कहा, यह छूट केवल बौद्धिक अक्षमता, मानसिक बीमारी, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और विशेष शिक्षण अक्षमता श्रेणी के परीक्षार्थियों को ही मिलेगी। परीक्षा में अंकों की छूट के लिए परिक्षार्थियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।