देहरादून जिले में डेंगू से पीड़ित मरीजों का सरकारी आंकड़ा 771 पहुंच गया है। वहीं जिले में 21 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें 19 मरीज देहरादून और दो मरीज अन्य जिलों के हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास सोमवार को पहुंची एलाइजा जांच की रिपोर्ट में 21 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें 14 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं।
उधर, सोमवार को भी स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम ने रीठामंडी, जाखन, डालनवाला, डिफेंस कॉलोनी, बंजारावाला और आसपास के क्षेत्रों में डेंगू मच्छर और उसके लार्वा को नष्ट करने के लिए अभियान चलाया। दोनों टीमों ने इन क्षेत्रों के 2831 घरों का सर्वे किया। इनमें 83 घरों में डेंगू मच्छर का लार्वा पाया गया। वहीं कई मोहल्ले और कॉलनीवासियों ने चंदा जुटा कर खुद ही फॉगिंग करानी शुरू कर दी है।
नेहरू कॉलोनी जैसे क्षेत्र में जहां डेंगू से एक छात्रा की मौत भी हो चुकी है व अन्य लोग डेंगू व वायरल बुखार से पीड़ित है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग और न नगर निगमने दोबारा यहां जांच या फॉगिंग नहीं कराई है। जिला वैक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार जागरूकता और फॉगिंग कराने का अभियान चलाया जा रहा है।