रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 28 सितंबर को आईएमए देहरादून में बनने वाली दो टनल का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। यह शिलान्यास आईएमए में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति में अपराह्न 3.30 बजे होगा। इस संबंध में शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आईएमए कमांडेंट ले जनरल जेएस नेगी ने मुख्यमंत्री से भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा आईएमए में दो सुरंगों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 45 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। आईएमए में दो टनल (अंडरपास) बनेंगे। एक टनल जाने और दूसरी आने के लिए होगी। परेड के दौरान आईएमए में सुरक्षा की दृष्टि से राज्य सरकार एवं सेना को भी चिंता रहती थी।
इसलिए रक्षा मंत्री से दो सुरंगों के लिए अनुरोध किया गया था, जिस पर उन्होंने अपनी सहमति दी है। इसके लिए उन्होंने रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। इन सुरंगों के बनने से परेड के दौरान लोगों को आवाजाही की जो दिक्कतें होती थी, उनका समाधान होगा। इसके लिए सेना एवं जनता द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी।
पीएम 29 को करेंगे आठ एसटीपी का वर्चुअल लोकार्पण
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 सितंबर को नमामि गंगे के तहत राज्य में तैयार किए गए आठ सीवरेज शोधन संयत्र (एसटीपी) का लोकार्पण करेंगे। इनमें से चार हरिद्वार में, ऋषिकेश में दो एवं मुनिकीरेती तथा बदरीनाथ में एक-एक हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, राज्य में नए एसटीपी अत्याधुनिक तकनीक से बने हैं। इनमें सॉलिड वेस्ट का इस्तेमाल कंपोस्ट के रूप में किया जाएगा। जगजीतपुर में बने एसटीपी में जिस आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, उसकी तारीफ स्वीडन के राजा कार्ल सोलहवां गुस्ताफ ने भी अपने उत्तराखंड भ्रमण के दौरान की थी।