देहरादून। रणजी ट्रॉफी एलीट में उत्तराखंड की क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। देहरादून के अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी मैदान में खेले गए इस मुकाबले में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अपना दबदबा कायम रखा।
हरियाणा की टीम अपनी पहली पारी में महज 153 रन पर सिमट गई। उत्तराखंड की ओर से मयंक मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट लिए जबकि देवेंद्र सिंह बोरा ने दो विकेट हासिल किए। इसके जवाब में उत्तराखंड ने पहली पारी में 305 रन बनाकर हरियाणा पर 152 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। टीम के बल्लेबाज देगा निश्चल ने धैर्य और तकनीक का परिचय देते हुए 153 रनों की बेहतरीन पारी खेली। कप्तान कुणाल चंदेला ने भी 56 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। आरव महाजन ने 51 रनों का योगदान दिया। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने हरियाणा की टीम उत्तराखंड के गेंदबाजों के सामने फिर संघर्ष कर रही थी और 159 रन पर ऑलआउट हो गई। इस पारी में जे. सुचित ने चार विकेट हासिल किए। दीपक धपोला ने दो विकेट लेकर हरियाणा की पारी समेटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जीत के लिए मिले महज आठ रनों के लक्ष्य को उत्तराखंड ने बिना कोई विकेट गंवाए 1.2 ओवर में हासिल कर लिया और मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम कर लिया।
साथ ही इस मुकाबले में देगा निश्चल की 153 रनों की शानदार पारी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं मयंक मिश्रा की पहली पारी में छह विकेट और जे. सुचित की दूसरी पारी में चार विकेट की उपलब्धि ने उत्तराखंड के गेंदबाजी आक्रमण की मजबूती को प्रदर्शित किया। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव किरण वर्मा ने हरियाणा के खिलाफ मिली इस शानदार जीत पर उत्तराखंड की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि रणजी ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में इस तरह का प्रदर्शन प्रदेश के क्रिकेट के लिए गर्व की बात है।