महिला और उसका पति दोनों ही शादी से पहले दिल्ली के एक शापिंग मॉल में साथ काम करते थे। यहीं से दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ा। जब महिला ने शादी करने को कहा तो वह बहाने बनाकर टालता रहा। आखिरकार 14 जुलाई 2020 को दिल्ली पुलिस में युवक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। दुष्कर्म की सजा से बचने के लिए दोनों पक्षों में समझौता हुआ। युवती ने भी शपथ पत्र देकर शादी की बात कही। अक्तूबर में दोनों ने शादी कर ली। युवक ने पुलिस को बताया कि शादी के बावजूद पारिवारिक कारणों के चलते दोनों एक दूसरे से खुश नहीं थे और आए दिन पत्नी किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा करती थी। इसमें सास और बहू के बीच होने वाला कलह भी शामिल था। आखिरकार उसे ठिकाने लगाने का मन बना लिया।
13 किमी पैदल चलकर लगाया ठिकाने
पुलिस के मुताबिक 11 जून को पति ने महिला को बताया कि उसकी मां की तबियत खराब है और ऊधमसिंह नगर चलना है। यह कहकर वह पत्नी को लेकर दिल्ली से रवाना हो गया और नैनीताल आ गया। 12 जून को नैनीताल पहुंचने के बाद कुछ समय दोनों ने नैनीताल में बिताया और दोपहर बाद नैनीताल से पैदल ही लगभग तेरह किलोमीटर पैदल चलकर रिया गांव के पास जा पहुंचे। हनुमानगढ़ी पहुंचने के बाद पत्नी का फोन स्विच आफ हो गया। युवक ने पुलिस को बताया कि नैनीताल से हल्द्वानी की ओर जाते वक्त रास्ते में उसने पत्नी से कहा कि वह किसी सुनसान स्थान पर बैठकर प्यार भरी बातें करेंगे। इसी झांसे में वह पत्नी को राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित रिया गांव के समीप कलमठ के भीतर ले गया और वहां जाकर उसने हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक पत्नी को मौत की नींद सुलाने के बाद वह इत्मीनान से कमलठ से बाहर निकाला और वहां से किसी तरह सड़क पर पहुंचकर किसी वाहन से वापस हल्द्वानी को रवाना हो गया।