राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान के तहत कोरोना की तीसरी संभावित लहर से निपटने और जन मानस को कोरोना महामारी से जागरूक करने के उद्देश्य भाजपा कार्यकर्ताओं को आवश्यक टिप्स दिए गए। प्रशिक्षण में प्रत्येक मंडल से 4-4 कार्यकर्ताओं को कोरोना बचाव से संबंधित प्रशिक्षण और एसओपी के पालन के दिशा-निर्देश दिए गए। शुक्रवार से 31 अगस्त तक सभी मंडलों में प्रशिक्षण शिविर शुरू होंगे।
भाजपा कार्यालय में आयोजित शिविर का शुभारंभ प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीति के साथ-साथ जिम्मेदार राजनीतिक दल की भूमिका अदा कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान शुरू किया गया है। प्रदेश में कुल 11500 बूथों के 25 हजार कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
खुद ही कोरोना महामारी के प्रति लापरवाह
भले ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए भाजपा जन जागरूकता अभियान और कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का खुद ही पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पालन नहीं कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान में इसकी झलक देखने को मिली। शिविर में प्रशिक्षण देने और प्रतिभाग करने पहुंचे कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिना मास्क पहने थे। इस संबंध में जब पत्रकारों ने प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट से पूछा तो वे बगले झांकने लगे। कहा मेरा मास्क जेब में है। आप लोगों को हेडलाइन बनानी है तो बना लो।