स्वास्थ्य विभाग के लिए उत्तरकाशी जनपद के करीब 21 हजार युवाओं को कोरोना का टीका नहीं लगा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग का कोविड टीकाकरण का 100 फीसदी लक्ष्य प्राप्त नहीं हो पा रहा है।
जनपद में कुल 2 लाख 34 हजार 892 नागरिकों का टीकाकरण होना है, जिसमें 18 से 44 आयुवर्ग के 1 लाख 49 हजार 945 व 45 आयुवर्ग व इससे ऊपर के 84 हजार 947 नागरिक शामिल हैं। 18 से 44 आयु वर्ग के 1 लाख 20 हजार 588 नागरिकों को पहली डोज लग चुकी है, लेकिन इस आयु वर्ग के शेष 21 हजार युवा अब तक पहली डोज भी नहीं लगा पाए हैं।
टीकाकरण अभियान के नोडल एसीएमओ डा. विपुल कुमार विश्वास ने बताया कि इस आयु वर्ग की पहली डोज 81 फीसदी लोगों को लग चुकी है, लेकिन शेष युवा अब न के बराबर पहुंच रहे हैं। ये 21 हजार युवा कहां हैं, इनकी कोई जानकारी नहीं है। विभाग ने 10 दिनों के भीतर 100 फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य रखा है।