कोविड-19 टीके की एक नहीं बल्कि दोनों डोज लेना जरूरी है लेकिन उत्तरकाशी जिले में दूसरी डोज लेने वालों की संख्या बेहद कम है। स्थिति यह है कि वर्तमान समय में 15 हजार लोग दूसरे टीके के लिए निर्धारित समयावधि पूरी कर चुके हैं लेकिन टीका केवल डेढ़ हजार लोगों को ही लग पाया है।
जिले में अब तक कुल 90.84 फीसदी लोगों को कोविड टीके की पहली डोज लग चुकी हैं। वहीं 35.48 फीसदी को ही दूसरी डोज लग पाई हैं। 18 से अधिक आयुवर्ग का कोविड टीकाकरण सबसे देर में शुरू होने के चलते इस आयुवर्ग को छोड़ दें तो 45 से अधिक आयुवर्ग में पहली डोज 99.66 फीसदी लोगों को लग चुकी है। इसके सापेक्ष दूसरी डोज 68.19 फीसदी को ही लग पाई है। कोविड टीकाकरण की जिम्मेदारी संभाल रहे एसीएमओ डॉ. विपुल विश्वास ने बताया कि कोविड टीके की पहली डोज से केवल आधा ही फायदा होगा।
दूसरा टीका लगने के 15 दिन बाद ही शरीर में पूरी रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। बताया कि वर्तमान समय में 15 हजार लोगों के दूसरा टीका लगवाने की तिथि आ चुकी है। जिनमें से बहुत कम लोग ही दूसरे टीके के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने लोगों से दूसरा टीका निर्धारित तिथि पर लगवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए पर्याप्त संख्या में टीकाकरण केंद्र बनाए जा रहे हैं।