एक अप्रैल को युवक को लक्षणों के आधार पर कलियर में क्वारंटीन किया गया था। जिसके बाद युवक को पांच अप्रैल को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया। छह अप्रैल को युवक का सैंपल जांच के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया। जिसकी जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद देर रात उसे मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मौहल्ला पांवधोई पुरानी दिल्ली रोड पर ज्वालापुर कोतवाली के पास है। रात में स्वास्थ्य विभाग की टीम छह एंबुलेंस लेकर ज्वालापुर गई थी। टीम को 43 जमातियों को ले जाना था। लेकिन इनमें से एक भी नहीं मिला।
सीएमओ डॉक्टर सरोज नैथानी ने बताया कि अब ज्वालापुर के मौहल्ला पांवधोई के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी सील किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के साथ टीम ज्वालापुर में मौजूद है।
ज्वालापुर में देर रात कोरोना संक्रमण का एक मामला पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित युवक जमात से आया था। - पंकज कुमार पांडेय, प्रभारी सचिव स्वास्थ्य
कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए डीजीपी अनिल रतूड़ी की कार्रवाई की चेतावनी का असर दिखने लगा है। मंगलवार को प्रदेशभर में 180 जमाती मेडिकल टेस्ट के लिए खुद पुलिस के सामने प्रस्तुत हुए हैं।
जबकि खुद को छिपाने वाले दो जमातियों के खिलाफ हरिद्वार व रुड़की में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोरोना को लेकर सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वाले 45 लोगों की खिलाफ कार्रवाई की गई है। जबकि लॉकडाउन के उल्लंघन में 973 एफआईआर में 4071 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। साथ ही 3331 वाहनों को सीज किया गया है।
कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज बढ़ने पर सरकार ने देहरादून शहर को हॉट स्पॉट क्षेत्र घोषित कर दिया है। प्रदेश में अब तक मिले कुल 32 संक्रमितों में से 18 देहरादून के हैं। पूरे क्षेत्र में विशेष निगरानी व संक्रमित लोगों की पहचान के लिए एंटीबॉडी ब्लड टेस्टिंग की जाएगी।
देहरादून के डोईवाला में कोरोना के दो पॉजिटिव मामले मिलने के बाद नगरवासियों ने कॉलोनियों में भी बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित कर दिया है। लोगों का कहना है कि घरों में रहकर ही कोरोना जैसी महामारी से बचा जा सकता है। कॉलोनियों के लोग बारी-बारी मुख्य द्वार पर ड्यूटी दे रहे हैं।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए राजधानी देहरादून के तीन होटलों को सरकार द्वारा अधिग्रहित कर लिया गया है। इनमें होटल वाईस राय इन, स्काई स्कैपरस और दून कैसल शामिल हैं।