उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ रही है। बीते 24 घंटे के भीतर प्रदेश में 182 नए संक्रमित मिले हैं। जबकि 175 मरीज ठीक हुए हैं। सोमवार को एक संक्रमित मरीज की मौत हुई है। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में फिलहाल 1143 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमित मामले बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग ने रोकथाम व बचाव के लिए गाइडलाइन जारी की है। जिसमें सभी जिलों को सैंपल जांच, निगरानी, उपचार, टीकाकरण के साथ कोविड के अनुरूप व्यवहार का पालन करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अस्पतालों में आने वाले इनफ्लुएंजा मरीजों की कोविड जांच कराने को कहा गया।
एनएचएम मिशन निदेशक डॉ. आर. राजेश कुमार की ओर से सभी जिलाधिकारियों को कोविड संक्रमण की रोकथाम व उपचार के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। सरकारी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों में संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सिलिंडर, कन्सट्रेटर, ऑक्सीजन बेड, वेंटिलेटर, आईसीयू बेड और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कोविड मरीजों की नियमित रूप से निगरानी की जाए। हल्के लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन में उपचार की सुविधा दी जाए। गंभीर लक्षण होने पर अस्पताल में भर्ती करें।