आगामी चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। प्रदेश के प्रमुख मुद्दों को लेकर गढ़वाल और कुमाऊं में यात्राएं निकालने की योजना बनाई गई है। पार्टी अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे को भी उठाएगी।
आगामी चुनाव के लिए कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने 22 अक्तूबर से गढ़वाल व कुमाऊं में यात्रा निकालने का कार्यक्रम बनाया है। शुक्रवार को राजपुर रोड एक होटल में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की।
विज्ञापन
राष्ट्रीय नेतृत्व के दिशानिर्देश पर नवंबर तक कांग्रेस देश बचाओ लोक बचाओ कार्यक्रम करेगी। इसके साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग, एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के नाम काटने सहित अन्य मुद्दों पर प्रदेशभर में यात्रा निकाल कर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डाॅ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उप नेता एवं विधायक भुवन कापड़ी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।