फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: सीएम त्रिवेंद्र ने किया लालतप्पड़ में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण, कहा-31 जनवरी तक पूरा हो जाएगा काम

Sun, 24 Jan 2021 08:25 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
लालतप्पड़ में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण करते सीएम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच लालतप्पड़ फ्लाईओवर 31 जनवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। रविवार की सुबह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण करने पहुंचे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण(एनएचएआई) के अधिकारियों से चर्चा के बाद उन्होंने यह जानकारी दी। 

विज्ञापन


देहरादून-हरिद्वार एनएच के बीच लाल तप्पड़ के पास एलीफेंट कॉरिडोर है। यहां अकसर हाथियों की आवाजाही रहती है। फ्लाईओवर के बनने से हाथियों को खुला और स्वच्छंद मार्ग मिल जाएगा। साथ ही मार्ग में हाथियों की आवाजाही के कारण वाहनों के लिए लगातार बने रहने वाला खतरा भी नहीं रहेगा। इस लिहाज से वाहनों के साथ वन्यजीव की भी इस फ्लाईओवर से सुरक्षा हो सकेगी।

कुंभ की अधिसूचना से पहले तैयार हो जाएगा दून- हरिद्वार हाईवे
देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग का अधिकांश कार्य पूरा हो गया है। अब इस राजमार्ग में लच्छीवाला, मियांवाला और रायवाला में कुछ निर्माण कार्य चल रहे है। रायवाला में रेलवे विभाग के सहयोग से कार्य होना है, जिसकी जल्द अनुमति मिलने की संभावना है। मियांवाला में तैयार किया गया फ्लाईओवर एक ओर से खोल दिया गया है और दूसरी ओर से वह फरवरी के पहले हफ्ते तक खुल जाएगा। लच्छीवाला में चल रहा कार्य इस महीने तक पूरा करने का लक्ष्य है। रायवाला में चल रहे कार्य को कुंभ अधिसूचना जारी होने से पहले पूरा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन


वहीं, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून से लेकर हरिद्वार तक 86 कुंभ कार्यों का निरीक्षण किया और उनकी प्रगति की जानकारी ली। करीब छह घंटे तक चले निरीक्षण और समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री कुंभ कार्यों की गुणवत्ता व कार्यप्रगति से संतुष्ट नजर आए।

उन्होंने संबधित विभागों के अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए मेलाधिकारी दीपक रावत को लगातार निगरानी के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार सुबह नौ बजे से देहरादून के लाल तप्पड़ फ्लाईओवर से कुंभ कार्यों का निरीक्षण शुरू किया। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि 31 जनवरी तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पहुंचे और पुल निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद आस्था पथ के निर्माण कार्यों को देखा।

लोनिवि और उत्तराखंड सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया दोनों निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित डेडलाइन तक पूरे हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने दक्षद्वीप को बैरागी कैंप से जोड़ने वाले पुल का भी दौरा किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने श्रीयंत्र टापू, रानीपुर झाल और प्रेमनगर पुल, सिंहद्वार और चौधरी चरण सिंह घाट के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर और पुलों समेत विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। 

सभी कार्य बढ़िया और व्यवस्थित तरीके से हुए 
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में कुल 86 निर्माण कार्य स्वीकृत थे। जिनमें से दो कार्य बाद में रद्द किए गए थे। शेष 84 में से अधिकांश कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। सभी कार्य बढ़िया और व्यवस्थित तरीके से किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य सचिव ओमप्रकाश, गढ़वाल मंडल आयुक्त रविनाथ रमन, मेलाधिकारी दीपक रावत, जिलाधिकारी सी रविशंकर, एसएसपी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सिंचाई विभाग उत्तराखंड, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियांत्रिकी आदि विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

विज्ञापन

सांसद को अतिथि गृह में नहीं मिला कमरा, नाराजगी जताई

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को मायापुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह में वीआईपी कमरा नहीं मिल पाया। नाराज सांसद ने अतिथि गृह के व्यवस्था अधिकारी को तलब किया। वहीं सांसद ने मेलाधिकारी को फोन कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने शनिवार को कलक्ट्रेट में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई थी। बैठक में शामिल होने से पहले राज्यसभा सांसद अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को दूसरे तल पर बना कमरा खोलने के निर्देश दिए, लेकिन कर्मचारियों ने सांसद को पहले तल पर ही बने अन्य कमरे को खोलने का अनुरोध किया। इसपर राज्यसभा सांसद ने व्यवस्था अधिकारी जीपी बहुगुणा को बुलाया। उन्होंने सांसद को बताया कि दूसरे तल के चारों कमरों की फॉल सीलिंग गिर रही रही है, टाइलें भी खराब हैं, दीवारों और छतों पर दरार पड़ गई है। सांसद नरेश बंसल ने जब कमरा देखा तो वे हैरान रह गए।

सांसद नरेश बंसल ने मौके से मेलाधिकारी दीपक रावत को फोन किया। रावत ने बताया कि निर्माण कार्यों की जांच के लिए समिति गठित की गई है। जांच समिति ने एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट देनी थी, लेकिन दो सप्ताह बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी। सांसद ने मेलाधिकारी को समिति से जांच रिपोर्ट मांगने के साथ व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें