फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: नयारघाटी को पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की सौगात, सीएम ने किया साहसिक खेल महोत्सव का शुभारंभ

Thu, 19 Nov 2020 08:49 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सतपुली(कोटद्वार)

सार

  • बिलखेत में प्रथम साहसिक खेल महोत्सव का सीएम ने किया शुभारंभ
  • पौड़ी जिले को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की भेंट 
विज्ञापन
पैराग्लाइडिंग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने गृह क्षेत्र के बिलखेत में प्रथम नयारघाटी साहसिक खेल महोत्सव (एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्टिवल) का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने खुद भी हॉट एयर बैलून का लुत्फ उठाया। उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों से नयारघाटी की तस्वीर बदलेगी। नयारघाटी को एडवेंचर टूरिज्म के हब के रूप में उभारने की कवायद शुरू की गई है। सीएम ने नयारघाटी को पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र समेत कई सौगात दी। उन्होंने खनन न्यास निधि से पौड़ी जिले को एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भेंट की। कहा कि नयारघाटी में हर साल एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा।  

विज्ञापन


 सीएम ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की रिपोर्ट में साहसिक पर्यटन को आने वाले दशकों में सर्वाधिक रोजगार प्रदान करने वाला क्षेत्र बताया गया है। इसलिए एडवेंचर स्पोर्ट्स पर फोकस किया गया है। सीएम ने कहा कि स्वरोजगार और एडवेंचर टूरिज्म अपनाकर पूरे क्षेत्र का कायाकल्प करने के लिए युवा आगे आएं। पहाड़ में पशुपालन और टूरिज्म में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जिले को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस भेंट की।


यह अत्याधुनिक एंबुलेंस है, जो दुर्घटना के समय मौके पर घायलों की मदद के लिए भेजी जाएगी। यह जिला मुख्यालय में खड़ी रहेगी। समारोह को गढ़वाल सांसद तीरथ रावत, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत, ब्लाक प्रमुख कल्जीखाल बीना राणा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर द्वारीखाल के प्रमुख महेंद्र राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष संपत सिंह रावत, डीएम धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी, पौड़ी नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, सीडीओ आशीष भटगाई आदि मौजूद थे। समारोह की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोहली और संचालन गणेश खुगशाल गणी ने किया।

विज्ञापन

कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणाओं में राइंका बिलखेत के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। सीएम ने समारोह स्थल पर 2683.64 लाख रुपये की चिनवाडी डांडा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का लोकार्पण किया। साथ ही 1845.5 लाख रुपये की लागत से रथुवाढाब में मंदाल नदी पर 200 स्पान के आरसीसी मोटर पुल का शिलान्यास और 596.82 लाख रुपये की लागत से नयार नदी पर बौंसाल पुल निर्माण का भी शिलान्यास किया। 

हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स के अध्यक्ष को दी श्रद्धांजलि 
 एडवेंचर फेस्टिवल के मुख्य स्तंभों में से एक हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स के अध्यक्ष शुभांग शरण रतूड़ी के निधन पर शोक जताते हुए सीएम ने श्रद्धांजलि अर्पित की। फेस्टिवल से कुछ दिन पूर्व हार्टअटैक के कारण शुभांग रतूड़ी का निधन हो गया था। करीब एक महीने पहले बिलखेत में ट्रायल के दौरान वह घायल हो गए थे। इसके बावजूद वह महोत्सव के आयोजन को लेकर सक्रिय रहे थे। 

घर-घर पहुंचेगी घास
 सीएम ने कहा कि पहाड़ों में मां बहनों के सर से घास की गठरी का बोझ कम करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कहा कि अगले तीन सालों में घर-घर गैस सिलेंडर की तर्ज पर घर-घर घास भी पहुंचाई जाएगी।

महाराज की गैरमौजूदगी बनी चर्चा का विषय 
खेल महोत्सव में क्षेत्रीय विधायक व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की गैरमौजूदगी लोगों में चर्चाओं का विषय बनी रही। दो माह पूर्व अपनी विधानसभा चौबट्टाखाल के खैरासैंण में महाविद्यालय के शिलान्यास के मौके पर भी पर्यटन मंत्री नहीं पहुंचे थे। खैरासैंण और सतपुली जहां मुख्यमंत्री का गृह क्षेत्र है, वहीं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का विधानसभा क्षेत्र है। हालांकि पर्यटन मंत्री के पीआरओ राय सिंह नेगी ने बताया कि राज्य से बाहर होने के कारण पर्यटन मंत्री कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

माउंटेन बाइकिंग रैली में देश-विदेश के 27 खिलाड़ी हुए शामिल

प्रथम नयारघाटी साहसिक खेल महोत्सव का आगाज लैंसडौन के ऐतिहासिक गांधी चौक से हुआ। विधायक दलीप रावत ने माउंटेन बाइकिंग रैली में प्रतिभाग कर रहे देश-विदेश के 27 प्रतिभागियों को सुबह आठ बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतियोगिताएं शुक्रवार से शुरू होंगी, जिसमें 13 राज्यों के 70 प्रतिभागी प्रतिभाग करेंगे।
बृहस्पतिवार को नेपाल, हिमाचल, उत्तराखंड के अलावा गढ़वाल राइफल्स, एसएसबी और सीमा सुरक्षा बल के कुल 27 खिलाड़ियों ने बाइकिंग रैली में प्रतिभाग किया। टीम में पांच महिला प्रतिभागियों ने भी दमखम दिखाया।

रैली गांधीचौक लैंसडौन से डेरियाखाल होते हुए पीड़ा, चमेठा, खैरासैंण होते हुए 50 किमी का सफर तय कर बिलखेत पहुंची। इस दौरान मार्ग पर यातायात बंद रखा गया। लैंसडौन विधायक दिलीप रावत ने कहा कि साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की यह बेहतरीन पहल है। इस आयोजन से लैंसडौन और सतपुली क्षेत्र के पर्यटन विकास को विशिष्ट पहचान मिलेगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौडियाल, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संपूर्णानंद गैरोला, अजय सतीजा, अजय शंकर ढौडियाल, नायाब तहसीलदार हरीश जोशी, हुकुम सिंह, हबीब उर रहमान, धर्मेंद्र नेगी, हिमालयन यूरो स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सदस्य अर्जुन कंडारी, सिद्धार्थ थपलियाल, सिद्धार्थ भंडारी आदि लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन

डेरियाखाल की जगह जयहरीखाल गई रैली

राष्ट्रीय स्तर की माउंटेन बाइकिंग रैली के आयोजन को में आयोजकों की लापरवाही उजागर हुई। लापरवाही का आलम यह रहा कि रास्ते पर मार्ग दर्शकों की तैनाती नहीं की गई और ना ही चूना से रास्ता बनाया गया, जिसके कारण माउंटेन बाइकिंग रैली लैंसडौन एमईएस तिराहे से डेरियाखाल की ओर जाने की जगह जयहरीखाल की ओर मुड़ गई और डेढ़ किमी आगे चली गई। काफी देर बाद जब डेरियाखाल रैली नहीं पहुंची तो लोगों ने इसकी जानकारी आयोजकों को दी।

इसके बाद आनन फानन में वाहन भगाकर खिलाड़ियों को एक बार फिर से एमईएस तिराहे पर लाकर डेरियाखाल की ओर रवाना किया गया। एसडीएम लैंसडौन अपर्णा ढौडियाल ने बताया कि आर्मी एरिया होने के कारण एमईएस तिराहे पर मार्किंग नहीं की गई थी। रैली जयहरीखाल की ओर जाने के बाद रैली के खिलाड़ियों को वापस बुला लिया गया था। 

60 पैराग्लाइडरों ने ढाडूखाल से भरी उड़ान
खेल महोत्सव में पैराग्लाइडिंग लोगों के मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। पहले दिन 60 पैराग्लाइडरों ने अद्भुत साहस का प्रदर्शन किया। उत्तराखंड सहित हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, नेपाल, महाराष्ट्र, अरुणांचल प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, पंजाब और पश्चिम बंगाल के 60 पैराग्लाइडरों ने पैराशूट के रोमांच से लोगों का परिचय कराया। इसके बाद पैराग्लाइडरों ने ढाडूखाल की ऊंची पहाड़ी से नीचे बिलखेत के लिए उड़ान भरी। पैराग्लाइडर्स को देखने के लिए क्षेत्र के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। एक-एक कर के 60 पैराग्लाइडर पैराशूट के माध्यम से बिलखेत के मुख्य आयोजन स्थल पर उतरे। लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया।

महोत्सव में आज ये होंगे कार्यक्रम
माउंटेन बाइकिंग रेस स्पर्धा : बिलखेत से शुरू होकर बूंगा बैंड, अदवाणी होते हुए रांसी स्टेडियम पौड़ी, झंडीधार ट्रेक से गरूड़ाकैंप परसुंडाखाल तक 60 किमी की दूरी तय करेगी।
ट्रेल रनिंग स्पर्धा : बौंसाल, चमधार, सीरों, साकनीखेत, बूंगा बैंड होते हुए 30 किमी का सफर तय कर बिलखेत पहुंचेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें