फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: जिन फैसलों के चलते त्रिवेंद्र ने गंवाई थी कुर्सी, उन्हें पूरी तरह पलट नहीं पाए तीरथ सिंह रावत

Sat, 03 Jul 2021 12:47 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

चार महीने में ही सीएम पद से इस्तीफा देने वाले सीएम तीरथ सिंह रावत की कई मामलों में कोशिशें नाकाम हो गईं।
विज्ञापन
तीरथ सिंह रावत/ त्रिवेंद्र सिंह रावत - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिन फैसलों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र की कुर्सी गई थी, उन्हें सीएम तीरथ ने पलटने की घोषणा तो कर दी लेकिन परवान नहीं चढ़ा पाए। इन फैसलों पर कोई अंतिम निर्णय किए बिना ही उनकी विदाई हो गई।

विज्ञापन


त्रिवेंद्र सरकार में देवस्थानम बोर्ड सबसे चर्चाओं और विवादों में रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने नैनीताल हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था। बावजूद इसके त्रिवेंद्र सरकार बैकफुट पर नहीं आई। तीरथ रावत सीएम बने तो उन्होंने इस पर पुनर्विचार करने की घोषणा तो की लेकिन फैसला कोई नहीं ले पाए। लिहाजा, देवस्थानम बोर्ड का मसला यूं ही लटका रह गया।

उत्तराखंड: सीएम बनने के बाद इन विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे तीरथ सिंह रावत, खूब हुई थी फजीहत
विज्ञापन


इसी प्रकार, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरणों को स्थगित करने के बाद तीरथ सिंह रावत की सरकार ने इन्हें खत्म करने के लिए एक उप समिति का गठन किया था। इस समिति को अपनी रिपोर्ट देनी थी, जिसके आधार पर फैसला लिया जाना था लेकिन फैसला होने से पहले ही तीरथ सिंह रावत की विदाई हो गई।

गैरसैंण मंडल की घोषणा तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र ने बजट सत्र के दौरान की थी, जिस पर भारी विवाद हो गया था। कुमाऊं मंडल में इस पर विरोध के सुर उठे तो इसी दौरान सीएम त्रिवेंद्र की विदाई हो गई। सीएम तीरथ ने यह तो कहा कि गैरसैंण मंडल नहीं बनेगा लेकिन इस पर कोई लिखित आदेश जारी किए बिना ही उनकी विदाई हो गई।

विज्ञापन

सोशल मीडिया में कई घंटे तक ट्रेंड में दिखी सियासी हलचल

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे की खबरें जैसे ही फिजाओं में तैरने लगीं तो सोशल मीडिया में भी सुर्खियों में आ गईं। ट्वीटर पर कई घंटे तक उत्तराखंड की यह सियासी हलचल टॉप-5 ट्रेंड में नजर आईं। वहीं, फेसबुक पर भी सीएम तीरथ सिंह रावत लगातार ट्रेंड करते नजर आए।

शुक्रवार को शाम होते-होते जैसे ही सीएम तीरथ के इस्तीफे की चर्चाएं तेज हुईं तो सोशल मीडिया पर भी तमाम तरह के मीम्स बनने शुरू हो गए। कोई कह रहा था कि 70 में से 57 सीटों वाली भाजपा सरकार लेकिन स्थायी सरकार के सवाल पर खामोश रहो।

ट्वीटर पर ज्यादातर लोग भाजपा के इस फैसले को लेकर व्यंग्यात्मक लहजे में नजर आए। इस दौरान सीएम तीरथ सिंह रावत का रीप्ड जींस का बयान फिर सुर्खियों में आ गया। उनके इस बयान से जोड़ते हुए भी सोशल मीडिया में काफी पोस्ट साझा की गई।

ट्वीटर पर खबर लिखे जाने तक हैशटैग बीजेपी फेल्ड उत्तराखंड में 22 हजार से ज्यादा ट्वीट हुए तो हैशटैग तीरथ सिंह रावत पर करीब छह हजार ट्वीट हुए। वहीं, फेसबुक पर भी जमकर पोस्ट साझा की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें