तीन साल में विकास के कार्य हुए, निवेश आया, बेरोजगारी घटी : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनके तीन साल के कार्यकाल में विकास के कई काम हुए। बड़ी मात्रा में निवेश आया। नवाचार के काम हुए। विकास के मानकों में नीति आयोग की रैकिंग में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर आया। सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए। यूसीसी, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण रोकने के अलावा दंगा रोधी कानून लागू किया। 20 हजार से ज्यादा पारदर्शी तरीके नियुक्तियां कीं।
जन शिकायतों के निपटारे में लापरवाही सहन नहीं करेंगे
जन शिकायतों के समयबद्ध निपटारे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। जनता के प्रति हमारी जवाबदेही है। जिस स्तर पर शिकायतों का निपटारा होना है, उससे ऊपर के स्तर पर शिकायत नहीं आनी चाहिए। एल वन स्तर पर शिकायतों के निपटारे के लिए 36 दिन का समय है। इस समय अवधि में यदि शिकायतों का निपटारा नहीं हो पा रहा है तो यह बेहद गंभीर है। ऐसे मामलों में जवाबदेह अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया है।
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई चलती रहेगी
मुख्यमंत्री ने एक बार सरकारी और निजी अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि यह देवभूमि में अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई अनवरत रहेगी।