लोकसभा चुनाव के कारण लंबे समय तक भाजपा कार्यालय में स्थगित रहे जनता मिलन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय फुल फार्म में दिखे। पंचायत राज विभाग में दुकानों के आवंटन में शिकायत मिली, तो कार्यक्रम में मौजूद डीपीआरओ जफर खान पर मंत्री भड़क उठे। उन्होंने चेतावनी दी-दो दिन में मामले में कार्रवाई करो, नहीं तो तुम्हें सस्पेंड कर दूंगा।
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि की उप शिक्षा अधिकारी नंदा के खिलाफ शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल मिला और उत्पीड़न की शिकायत की, तो मंत्री इस मामले में भी एक्शन लेने से चूके नहीं। उन्होंने मौके पर ही रुद्रप्रयाग के मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश जारी किए कि मामले का परीक्षण करते हुए संबंधित अफसर को अपने कार्यालय में अटैच कर दें। जनता मिलन कार्यक्रम में सोमवार को ज्यादातर शिकायतें शिक्षा विभाग से संबंधित रहीं। शिक्षक, प्रशिक्षित बेरोजगारों से लेकर विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंत्री के सामने अपनी बात रखी।
रायवाला के प्रतीक नगर निवासी नंद किशोर ने जनता मिलन कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम प्रधान ने अपने स्तर पर छह दुकानें बनाकर आवंटित कर दी हैं। नियमानुसार इनकी लॉटरी निकाली जानी चाहिए थी। उन्होंने मंत्री से शिकायत की कि पंचायत राज विभाग के अफसरों के कई चक्कर काटने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मंत्री ने मौके पर मौजूद डीपीआरओ को कडे़ शब्दों में कार्रवाई के लिए कहा।
अगस्त्यमुनि की उपशिक्षा अधिकारी के खिलाफ शिक्षकों ने शिकायत की कि वे उनके उत्पीड़न पर आमादा हैं। इस पर उन्हें अटैच करने के लिए मंत्री ने निर्देश जारी कर दिए। मंत्री ने तबादला, रुके हुए वेतन से लेकर नियमावली समेत कई मसलों पर फोन पर अफसरों से बात कर उन्हें निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में सीएम के ओएसडी उर्बा दत्त भट्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शादाब शम्स, अजेंद्र अजय, सुभाष बड़थ्वाल, रतन सिंह चौहान मौजूद थे।
बहन, व्हाट्सअप कर रहा, पांच दिन में समाधान करो
अफसरों के प्रति कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय का व्यवहार शिकायतों के स्वरूप के हिसाब से बदलता रहा। कुछ मामले में वह भड़के, तो कुछ में अतिशय विनम्र भी दिखे। एक विधवा महिला की समस्या पर उन्होंने टिहरी की डीएम को फोन लगवाया। डीएम लाइन पर आईं, तो मंत्री ने कहा-बहन मेरे सामने एक विधवा महिला खड़ी हैं। इनकी समस्या व्हाट्सअप कर रहा हूं। पांच दिन में समाधान करो।
ईमानदार लोगों को दफ्तर में लाओ, बिना पैसे के काम हो
मंत्री के जनता मिलन कार्यक्रम में कई तरह के फरियादी आए। एक फरियादी ने कहा-उसका कोई व्यक्तिगत मामला नहीं है। सिर्फ इतना चाहता हूं कि ईमानदार लोगों को फील्ड से दफ्तर की पोस्टिंग दे दो, ताकि बिना पैसे के लोगों का काम हो सके। उन्होंने शिकायत की कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस चाहती है, लेकिन सिस्टम तो अभी सुधर नहीं पाया है।