आसन नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में एसटीपी समेत 5 निर्माण कार्य हो सकेंगे
आसन नदी के स्रोत भट्टा फॉल से आसन बैराज तक कुल 53 किमी फासले में नदी के दोनों तटों पर बाढ़ मैदान प्रतिबंधित व निर्बंधित क्षेत्रों में पांच चुनिंदा निर्माण कार्य हो सकेंगे। कैबिनेट ने यहां एसटीपी, रोपवे टावर, हाई टेंशन विद्युत ट्रांसमिशन के लिए टावर व एलिवेटेड रोड कॉरिडोर के लिए नींव व उपसंरचना के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
अवैध खनन पर अंकुश के लिए 18 पद मंजूर
अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए कैबिनेट ने भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग के ढांचे में 18 नए पदों को सृजित करने की मंजूरी दे दी है। उच्च न्यायालय ने भी एक जनहित याचिका पर सरकार को बागेश्वर जिले के कुछ गांवों में खनन कार्यों के संबंध में सरकार को निर्देश दिए थे।
जैव प्रौद्योगिकी परिषद में भर्ती की नियमावली मंजूर
उत्तराखंड जैव प्रौद्योगिकी परिषद के विभागीय ढांचे में 46 पद सृजित किए गए थे। लेकिन इन पदों को भरने की कोई नियमावली नहीं थी। प्रदेश मंत्रिमंडल ने नियमावली को मंजूरी दे दी है। मुख्यालय व देहरादून व अन्य केंद्रों में सभी पदों को एकल संवर्ग के रूप में रखे जाएंगे।
राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख परिषद बनेगी
कैबिनेट ने चिकित्सा पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए राज्य सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देखरेख परिषद के गठन को मंजूरी दे दी है। परिषद उन चिकित्सा पाठ्यक्रमों के संचालन, आचार संहिता, प्रवेश परीक्षाएं, पाठ्यक्रम मानकीकरण, पंजीकरण के मानकों में एकरूपता लाने व अंतरराज्यीय पंजीकरण आदि को देखेगी, जिन पर अभी कोई प्रावधान प्रभावी नहीं हैं।