राज्यपाल का अभिभाषण हमारी सरकार का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण से बजट सत्र की शुरुआत हुई। राज्यपाल का अभिभाषण हमारी सरकार का रोडमैप है। उसको आगे प्राथमिकता में रखेंगे। यह उत्तराखंड राज्य की स्थापना का 25वां वर्ष है। रजत जयंती वर्ष में सरकार नवाचारों को लेकर आगे बढ़ेगी। हमारी विकास यात्रा को अनवरत रूप से चलाने के लिए बजट में प्रावधान किए जाएंगे। अभिभाषण में उल्लेख किए गए सभी बिंदुओं को हमारी सरकार पूरा करेगी। प्रधानमंत्री ने बाबा केदार की भूमि से यह उद्घोष किया था कि सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा, उसे साकार करने के लिए हमारी सरकार जी-जान से काम करेगी। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तराखंड राज्य भी अपना योगदान देगा।
अन्य राज्यों के लिए उत्तराखंड एक आदर्श
मुख्यमंत्री ने कहा, उत्तराखंड हर दृष्टि से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय खेलों का आयोजन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। उत्तराखंड देश की आजादी के बाद ऐसे राज्य के रूप में स्थापित हुआ जहां सभी लोगों के लिए एक समान कानून लागू हुआ है। नीति आयोग के सतत विकास के सूचकांक में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर रहा। राज्य को बेरोजगारी दर 4.4 प्रतिशत लाने में कामयाबी मिली। अन्य राज्यों के लिए उत्तराखंड एक आदर्श के रूप में स्थापित हो चुका है। उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना हमारा संकल्प है।