उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) स्थित विधानसभा में एक मार्च से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र में पेश होने वाले बजट में गांव और शहर का समावेश होगा। यह कहना है कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस बार के बजट में नए-नए आयाम देखने को मिलेंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को मीडिया कर्मचारियों से बातचीत कर रहे थे। बता दें कि एक मार्च से शुरू हो रहा बजट सत्र त्रिवेंद्र सरकार के कार्यकाल का आखिरी बजट है। इसके बाद सत्तारूढ़ दल को चुनाव की तैयारी में जुटना है। इस लिहाज से इसे चुनावी बजट माना जा रहा है।
सरकार के इस बजट से खास उम्मीदें लगी हैैं। हालांकि, बजट के स्वरूप को लेकर मुख्यमंत्री को पत्ते नहीं खोले, लेकिन इशारों में उन्होंने कह दिया कि बजट में प्रदेश के हर वर्ग को सौगातें मिलेंगी। बकौल मुख्यमंत्री, इस बार का बजट में बहुत तरह के नए-नए आयाम देखने को मिलेंगे। यह सर्व समावेशी बजट होगा। गांवों से लेकर शहर, औद्योगिक क्षेत्र को स्पर्श करने वाला होगा।