उत्तराखंड की 69 सीटों पर बुधवार को मतदान होगा। मंगलवार शाम को राज्य से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाएं सील कर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई।
संवेदनशील इलाकों में अर्द्धसैनिक बल और पीएसी तैनात की गई है। खासतौर से कांग्रेस से बगावत कर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वालों के इलाकों में खास नजर रखी गई है, क्योंकि वहां की पेशबंदी ने पुलिस की नींद हराम की हुई है। ऐसे में पुलिस के लिए यह चुनाव किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है।
पुलिस महानिदेशक एमए गणपति ने बताया कि पुलिस को स्पष्ट रूप से बता दिया गया है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए क्या करना है। पुलिस के अलावा उड़न दस्ते, जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण करते रहेंगे। प्रदेश भर में 79 इलाकों में बैरियर लगाकर सीमाएं सील कराकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
चुनाव में लगे बल
अर्द्धसैनिक बल-105 कपंनी
पीएसी-30 कंपनी
होमगार्ड-16930
पुलिस बल-22 हजार
इंटर स्टेट बैरियर-79
क्यूआरटी-148
बाहरी पुलिस से समन्वय
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की पुलिस से समन्वय कायम किया गया है। वायरलेस के अलावा व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से अवांछनीय तत्वों के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान किया जा रहा है। मतदान के दिन इधर-उधर जाने वालों पर खास नजर रखने की रणनीति है।
- दीपम सेठ, आईजी कानून व्यवस्था