उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के बाद मूल्यांकन से पहले उत्तर पुस्तिकाओं को सैनिटाइज किया जाएगा। सैनिटाइज करने से पहले यह भी देखना होगा कि उत्तर पुस्तिकाएं गीली न हो। ऐसे में उत्तर पुस्तिकाओं को सैनिटाइज करना भी चुनौती से कम नहीं होगा। कॉपियों को सैनिटाइज करने के निर्देश उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की सचिव ने पत्र से सभी उपनियंत्रक व उपसंकलन केंद्रों को दिए हैं ताकि 13 जून से मूल्यांकन कार्य शुरू हो सके।
गलव्स पहनकर कॉपियां जांचेंगे शिक्षक
मूल्यांकन को लेकर गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइन का अनुसरण किया जाएगा। मूल्यांकन केंद्रों को सैनिटाइज करने के साथ ही शिक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी। गलव्स और मास्क पहनकर शिक्षक कॉपियां जांचेंगे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करेंगे। शिक्षकों को कॉपियां सैनिटाइज होकर ही मिलेंगी। हर मूल्यांकन केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए जाएंगे।
13 जून से मूल्यांकन प्रस्तावित हैं। उत्तर पुस्तिकाओं को सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। ध्यान दिया जाएगा कि कॉपियां गीली न हों। मूल्यांकन केंद्रों पर गलब्स एवं मास्क पहनकर कॉपियों को जांचा जाएगा।
- डॉ. नीता तिवारी, बोर्ड सचिव