शिक्षा विभाग की ओर से उत्तराखंड बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्र एवं परीक्षा आवेदन संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार परीक्षाएं कुछ देरी से होंगी। मई में परीक्षाएं और जून में रिजल्ट घोषित हो सकता है। जबकि इससे पहले प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। अंतिम निर्णय 28 फरवरी को होने वाली बोर्ड बैठक में लिया जाएगा।
प्रदेश में विभिन्न जिलों की ओर से परीक्षा केंद्र घोषित किए जा चुके हैं। इसके अलावा बोर्ड के छात्र-छात्राओं से परीक्षा फार्म भरवाए जा चुके हैं। बताया गया है कि इस बार कोरोना के चलते परीक्षाएं जहां देरी से होंगी। वहीं परीक्षार्थियों की संख्या भी कुछ कम हुई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक सामान्य दिनों में मार्च प्रथम सप्ताह से बोर्ड परीक्षाएं शुरू होती थी और मई में रिजल्ट घोषित होता था, लेकिन इस बार मई में परीक्षाएं होंगी और जून में रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 का संशोधित परिणाम अपनी वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in पर अपलोड कर दिया था। बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि 2020 में हुईं हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं का परिणाम 29 जुलाई को घोषित किया गया था।
परीक्षाफल घोषित होने के बाद हाईस्कूल के 1718 और इंटरमीडिएट के 1633 छात्रों ने दोबारा निरीक्षण के लिए आवेदन किया। इनमें वे छात्र थे जो या तो अनुत्तीर्ण थे या फिर अपने अंकों से संतुष्ट नहीं थे। इन आवेदनों पर कार्यवाही के बाद बोर्ड ने हाईस्कूल में 13 और इंटर में 19 छात्रों के परीक्षाफल में संशोधन किया है।
उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर जिलों की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षाएं कब से शुरू होंगी इस पर 28 जनवरी को होने वाली बोर्ड बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
- आरके कुंवर, शिक्षा निदेशक