टिहरी राज परिवार 2027 तो कुमाऊं राज परिवार इस वर्ष कराने के पक्षधर
टिहरी राज परिवार मां नंदा की बड़ जात का आयोजन 2027 में करने के पक्षधर हैं। मां नंदा बड़ी जात आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने टिहरी राज परिवार के भवानी सिंह शाह के साथ भेंट की। उन्होंने राज परिवार को मां नंदा की बड़ी जात का आयोजन इसी वर्ष 2026 में करने की बात कही। मगर राज परिवार के भवानी सिंह शाह जात का आयोजन 2027 में कराने के पक्ष में दिखे। इधर, कुमाऊं राज परिवार व राजजात समिति अल्मोड़ा के पदाधिकारी बड़ी जात का आयोजन इसी वर्ष 2026 में कराने के पक्ष में हैं। संवाद
नंदा की बड़ी जात में पुलिस व्यवस्था करने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार ने नंदा देवी की बड़ी जात के आयोजन में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की रूप रेखा तैयार करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। साथ ही भराड़ीसैंण में आगामी बजट सत्र व चारधाम यात्रा को लेकर पुख्ता तैयारी रखने के निर्देश दिए।
एसपी ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी ली। इसमें सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकियों के प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने नंदा देवी की बड़ी जात के लिए यात्रा पड़ावों पर पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले थाना क्षेत्रों में निर्मित होने वाली अस्थायी पुलिस चौकियों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर पुलिस कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा को देखते हुए हाईवे पर पड़े मलबे को संबंधित विभागों से समन्वय कर हटवाने, बैरियर, साइन बोर्ड, यात्रा मार्ग पर चौकियों व चेक पोस्ट की मरम्मत के निर्देश दिए। राजस्व क्षेत्र से पुलिस में शामिल हुए गांवों में चौकीदार नियुक्त करने, भराड़ीसैंण में आगामी बजट सत्र को देखते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। विगत माह उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसएसआई कर्णप्रयाग संजय नेगी व गौचर चौकी प्रभारी मानवेंद्र गुसांई को पुलिस मैन ऑफ द मंथ चुना गया।