अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से सहायक अध्यापक (एलटी) के 1272 पदों की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई।
17 दिसंबर को होने वाली परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी जिलों में केंद्र की व्यवस्था न होने पर सरकार ने संज्ञान लिया है। सरकार ने चयन आयोग को अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर सीमांत जिलों में परीक्षा केंद्र बनाने के निर्देश दिए हैं। जिस पर आयोग ने एक माह के लिए परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया।
चयन आयोग की ओर से पहली बार एक साथ कराई जा रही सहायक अध्यापक के 1272 पदों की लिखित परीक्षा के लिए देहरादून, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, श्रीनगर गढ़वाल, ऋषिकेश व उत्तरकाशी में 77 सेंटर बनाए गए थे।
यह परीक्षा 17 दिसंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित होनी थी। परीक्षा केंद्र विषयवार आधार पर बनाए जाने के कारण अभ्यर्थियों को अलग-अलग स्थानों पर आने-जाने में कठिनाईयों को देखते हुए सरकार ने दोबारा से सेंटर बनाने का निर्देश दिए। चयन आयोग को यह भी निर्देश दिए गए सीमांत जिलों में भी अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर परीक्षा केंद्र बनाए जाएं।