उत्तराखंड विधानसभा का सात जनवरी को विशेष सत्र आहूत होगा। विशेष सत्र सुबह 11 बजे से होगा। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने यह विशेष सत्र आहूत किया है। सचिव विधानसभा जगदीश चंद के मुताबिक, सत्र आहूत करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा का तृतीय सत्र चार दिसंबर को आहूत किया गया था, जो 10 दिसंबर को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया था।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि केंद्र सरकार ने संविधान में दी गई व्यवस्था के अनुसार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए अगले 10 साल के लिए आरक्षण बढ़ाने की व्यवस्था की गई है। इसे सभी राज्यों की विधानसभाओं से पारित कराया जाना जरूरी है।
इसलिए एक दिन का विशेष सत्र उत्तराखंड विधानसभा में भी आहूत किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार ने हाल ही में एससी व एसटी के लिए आरक्षण की अवधि को बढ़ाया है।
इसके लिए राष्ट्रपति का अनुमोदन जरूरी है। ये तभी प्राप्त होगा, जब सभी राज्यों की विधानसभाएं इस संबंध में प्रस्ताव पास करके भेजेंगी। चूंकि संविधान में 10 साल के आरक्षण की अवधि 25 जनवरी 2020 को समाप्त हो रही है। इसलिए इस तिथि से पूर्व विधानसभाओं से प्रस्ताव पारित करके भेजे जाने जरूरी हैं।