आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार से उत्तराखंड में नामांकन शुरू हो गए। नामांकन के पहले दिन देहरादून की धर्मपुर विधान सभा से निर्दलीय प्रत्याशी अनिल कुमार गुप्ता ने नामांकन भरा। ऋषिकेश पहले दिन एक भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। भाजपा, बसपा समेत चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्राप्त किए। दो दिन में नामांकन पत्र लेने वाले आठ उम्मीदवार हो गए हैं।
शुक्रवार को सुबह 11 बजे से मुख्य निर्वाचन अधिकारी बृजेश तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी रेखा आर्य, वीपीएस चौहान और प्रशासनिक अधिकारी एएल आर्य की मौजूदगी में न मांकन प्रकिया आरंभ हुई।
सबसे पहले निर्दलीय प्रत्याशी अतुल कुमार यादव तहसील पहुंचे और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नामांकन पत्र लिया। दोपहर तीन बजे तक भाजपा उम्मीदवार प्रेमचंद अग्रवाल, भाजपा से बगावत करने वाले संदीप गुप्ता के समर्थक ने नामांकन पत्र प्राप्त किया। जबकि बसपा प्रत्याशी लल्लन राजभर पर्चा लेने खुद तहसील पहुंचे।
हालांकि पहले दिन निर्धारित समय तक एक भी प्रत्याशी नामांकन दाखिल नहीं किया। सोमवार से प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने की उम्मीद जताई जा रही है।
उत्तरकाशी में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन शुक्रवार को गंगोत्री से पांच तथा यमुनोत्री विधान सभा सीट से तीन प्रत्याशियों नामांकन पत्र खरीद कर चुनाव समर में कूद गए हैं। जबकि पुरोला विधान सभा सीट से किसी भी प्रत्यशी ने नामांकन पत्र नहीं खरीदा।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में नामांकन प्रकिया के पहले दिन पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच नामांकन पत्रों की बिक्री शुरु हुई। गंगोत्री विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी गोपाल रावत, कांग्रेस के विजयपाल सजवाण, पूर्व अध्यक्ष नगरपालिका भूपेंद्र चौहान, रतन लाल व बुद्धि लाल ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप नामांकन पत्र खरीदे।
जबकि यमुनोत्री सीट से भाजपा के केदार सिंह रावत, बसपा के राजबहादुर बौद्ध तथा निर्दलीय प्रत्याशी धर्मानंद विजल्वाण ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं, पुरोला विधान सभा से एक भी नामांकन की बिक्री नहीँ हुई। हालांकि पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया। नामांकन पत्र की खरीद के बाद चुनाव मैदान उतरे दावेदारों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
उत्तरकाशी से नितिन रमोला।
चमोली में विधान सभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन एकमात्र कर्णप्रयाग से भाकपा माले प्रत्याशी इंद्रेश मैखुरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, विधान सभा बदरीनाथ से पहले दिन नौ, थराली से छह और कर्णप्रयाग से पांच प्रत्याशियों ने नामांकन प्रपत्र लिए।
बदरीनाथ से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र भट्ट, बसपा के मुकेश लाल कोषवाल, कांग्रेस के राजेंद्र सिंह भंडारी, उक्रांद के देवेंद्र सिंह नेगी ने नामांकन प्रपत्र लिए, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी अरुणा, विनोद फोनिया, चरण सिंह, भवान सिंह और ज्ञानेंद्र खंतवाल ने नामांकन पत्र लिया।
थराली से सर्व विकास पार्टी के गणेश कुमार, बसपा के मोहन लाल कन्याल, भाजपा के मगन लाल शाह, उक्रांद के कस्बी लाल शाह, निर्दलीय बलवीर राम व गुड्डू राम तथा कर्णप्रयाग से उक्रांद के बलवंत सिंह नेगी, भाजपा के सुरेंद्र सिंह नेगी तथा निर्दलीय आनंद मणि जोशी और मोहन सिंह नेगी ने नामांकन प्रपत्र लिए।
लक्सर विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में उतरे सुमित चौधरी ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन दाखिल करने के बाद सुमित चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के विकास व सम्मान के लिए वह चुनाव मैदान में उतरे हैं।
इस दौरान सचिन मलकपुर, सीताराम, साधुराम, अमित ढाढेकी, बीरमसिंह, आलोक चौधरी, अर्जुन, संजीव एडवोकेट, सुभाष चौधरी, अरूण कुमार, इशांत, संदीप, ईश्वरपाल, भगत सिंह, साधुराम व मनीष प्रधान आदि लोग मोजूद रहे। मालूम हो कि लक्सर से भाजपा और बसपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है, जबकि कांग्रेस का प्रत्याशी अभी घोषित होना है।
विकासनगर स्थित तहसील मुख्यालय में पछवादून की दो और कालसी तहसील मुख्यालय में चकराता विधानसभा क्षेत्र की एक सीट के लिए विधिवत रूप से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए शुक्रवार को कुल 12 ने नामांकन प्रपत्र प्राप्त किए हालांकि, पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया। सबसे ज्यादा नामांकन पत्र सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों ने लिए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान विकासनगर और कालसी तहसील मुख्यालय में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
श्रीनगर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डा. धन सिंह रावत ने प्रेक्षागृह में बने नामांकन कक्ष में शुक्रवार को दोपहर सवा दो बजे नामांकन का एक सेट दाखिल किया। वह 25 को नामांकन के तीन सेट जमा करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने उन जैसे साधारण प्रत्याशी को टिकट देकर उपकृत किया है। वादा किया कि चुनाव जीतने पर सभी को साथ लेकर चलेंगे।