इस बार महात्मा गांधी की जयंती 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गणतंत्र दिवस की परेड की थीम महात्मा गांधी जी पर आधारित रखी गई है। उत्तराखंड सरकार की ओर से इस झांकी के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। जिसे झांकी के लिए चुना गया है। बता दें कि इस बार के लिए अंतिम रूप से 14 राज्यों एवं 6 मंत्रालयों की झांकी को चयनित किया गया है।
झांकी में देवभूमि उत्तराखण्ड में कौसानी की झांकी चुनी गई, जिसको महात्मा गांधी जी ने ‘भारत का स्विटजरलैंड’ कहा था। यहां स्थित अनासक्ति आश्रम गांधी जी की यात्रा को ही जीवंत करता है। महात्मा गांधी ने वर्ष 1929 में इस आश्रम का भ्रमण किया था। इसी स्थान पर ‘अनासक्ति योग’ पुस्तक की समीक्षा लिखी थी। इस आश्रम का संचालन स्थानीय महिलाओं द्वारा किया जाता है।
आश्रम में प्रतिदिन सुबह व शाम प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। साथ ही आश्रम को पुस्तकालय व शोध केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। झांकी के अग्रभाग में अनासक्ति योग लिखते हुए महात्मा गांधी जी की बड़ी आकृति को दिखाया गया है।
बीच में कौसानी स्थित अनासक्ति आश्रम को दिखाया गया है। आश्रम के दोनों ओर पर्यटक योग व अध्ययन करते हुए नागरिकों व पण्डित गोविन्द बल्लभ पंत को महात्मा गांधी से वार्ता करते हुए दिखाया गया है।