रविवार को इस मामले ने तूल पकड़ लिया। बजरंग दल, भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ ही स्थानीय लोग कोतवाली पहुंचे और मामले को लव जेहाद बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी महिला का धर्म परिवर्तन कराने की फिराक में था। इसके बाद उन्होंने आरोपी की दुकान के बाहर भी हंगामा किया और दुकान तोड़ने की कोशिश की लेकिन कोतवाल हेम चंद्र पंत ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया।
इसके बाद भी लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ और वे नगर के गांधी चौक में मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इस मौके पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष पावस जोशी, हिंदू जागरण मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत भगत, बजरंग दल के मनोज जोशी, जगदीश बिष्ट, अशोक पंत, भारत रावत, दिगंबर मनराल, दर्शन मेहरा, विजय जीना आदि मौजूद रहे।
समुदाय विशेष के लोगों ने बंद कीं दुकानें
नगर में काफी संख्या में समुदाय विशेष के लोग रहते हैं और व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित करते हैं। यहां मचे बवाल के बाद सभी ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखे।
यातायात रहा बाधित, पर्यटक रहे परेशान
बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर गांधी चौक में मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित रहा। इस दौरान नगर में लंबा जाम लग गया, जिसमें पर्यटक भी फंसे रहे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। किसी तरह कोतवाल हेम चंद्र पंत ने मौके पर पहुंचकर धरना दे रहे लोगों को समझाया। उनके वहां से उठने के बाद यातायात सुचारू हुआ और यात्रियों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
40 वर्षीय महिला तीन बच्चों की मां
बताया जा रहा है कि 40 साल की महिला तीन बच्चों की मां है। मो. चांद से उसकी जान पहचान अस्पताल में हुई। जब दोनों अपने-अपने रिश्तेदार की तीमारदारी के लिए पहुंचे थे।
महिला के घर में ताला
इस घटना को लेकर गांव में दिनभर चर्चा होती रही। कुछ महिलाएं महिला के घर पहुंचीं लेकिन वहां ताला लगा था। बताया जा रहा है कि कल से उसका पति और बच्चे रानीखेत में ही हैं।
लोगों का गुस्सा
यह पूरी तरह लव जिहाद का मामला है। महिला को भगाकर उसका धर्म परिवर्तन करने की तैयारी थी। पहले भी यहां ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। - पावस जोशी, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो।
देवभूमि में इस तरह का कृत्य इसे कलंकित करने वाला है। ऐसे मामलों से सामाजिक सद्भाव का माहौल खराब हो रहा है। मामले की गहनता से जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
- मनीष चौधरी, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष।
महिला लंबे समय से समुदाय विशेष के युवक के संपर्क में थी। उसने महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शनिवार को वह महिला को भगा ले गया लेकिन महिला को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। दो समुदायों के बीच का मामला होने से इसकी निष्पक्ष जांच होगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- तिलक राम वर्मा, सीओ, रानीखेत।