उत्तराखंड के 12 जिलों की करीब साढे़ सात हजार ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति की अधिसूचना शासन ने जारी कर दी है। 14 और 15 जुलाई को इन ग्राम पंचायतों का कार्यकाल जैसे ही खत्म होगा, उसके तुरंत बाद संबंधित जिलाधिकारियों की बतौर प्रशासक नियुक्ति हो जाएगी।
हरिद्वार को छोड़कर बाकी 12 जिलों में ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 14 और 15 जुलाई को खत्म हो रहा है। 2014 में कई ग्राम पंचायतों की पहली बैठक 14 और कई की 15 जुलाई को हुई थी।
पहली बैठक से ही उनका कार्यकाल शुरू माना जाता है। तय समय तक पंचायती राज चुनाव न हो पाने की स्थिति पहले से ही बन रही थी। प्रशासकों की अधिसूचना जारी होने के बाद अब इस पर मुहर लग गई है।
अधिसूचना पंचायती राज विभाग के सचिव प्रभारी रंजीत कुमार सिन्हा की तरफ से जारी की गई है। ग्राम पंचायतों के बाद अब नजरें क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों की तरफ भी हैं। दोनों ही जगह अगस्त में कार्यकाल खत्म हो रहा है। सरकार को इन जगहों पर भी प्रशासकों की नियुक्ति करनी होगी।