राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सोमवार को देहरादून में 71 विधायक अपना मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जो विधायक उत्तराखंड विधानसभा में सोमवार को राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपना वोट डालेंगे, उसमें 70 विधायक तो यहां के हैं, वहीं विहार के एक विधायक विरेंद्र कुमार सिन्हा भी दून में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
सिन्हा ने इस संबंध में केंद्रीय निर्वाचन आयोग से पटना के बदले देहरादून में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी। आयोग ने उनको अनुमति प्रदान कर दी है।
राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सोमवार को मतदान होगा। उत्तराखंड के सभी 70 निर्वाचित विधायक अपने मताधिकार का इस्तेमाल देहरादून में और सांसद दिल्ली में करेंगे। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर विधानसभा में तैयारी काफी समय पहले से चल रही है।
मतदान सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगा। विधानसभा सचिव जगदीश चंद्र ने बताया कि मतदान के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गयी विशेष प्रकार की पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा।