महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है
उन्होंने कहा, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। हमने 2025 तक 1.25 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। राज्य की महिलाओं को सरकारी नौकरी में क्षैतिज आरक्षण के लिए विधेयक लागू किया जा चुका है।
युवा प्रतिभा के साथ न्याय होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की युवा प्रतिभा के साथ न्याय हो, यह हमारा ध्येय है। राज्य सरकार की भर्तियों में घोटाले करने वाले दोषियों के खिलाफ प्रदेश में पहली बार बड़े स्तर पर कड़ी कार्रवाई की गई। देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। राज्य सरकार स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ का वेंचर फंड तैयार करने जा रही है। इससे युवा उद्यमियों को सरकारी स्तर पर फंड मिल सकेगा।
भ्रष्टाचार रोकने के लिए कठोर कदम उठाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। भ्रष्टाचार की शिकायतों को दर्ज करने के लिए हमने जनता के लिए 1064 वेब एप लॉन्च किया है। अपणि सरकार पोर्टल, ई-कैबिनेट, ई-ऑफिस, सीएम डैशबोर्ड उत्कर्ष,सीएम हेल्पलाइन 1905, सेवा का अधिकार और ट्रांसफर एक्ट की पारदर्शी व्यवस्था बनाकर राज्य में भ्रष्टाचार के समूल नाश का प्रयास किया गया है।
समान नागरिक संहिता की ओर प्रभावी कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में हमनें प्रभावी कदम उठाए हैं। समान नागरिक सहिंता सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के मूलमंत्र की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है।
उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए चाहिए सबका सहयोग
सीएम ने कहा कि आगामी दशक तक देश का विकसित सर्वश्रेष्ठ एवं अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार एवं प्रशासन के साथ ही प्रत्येक उत्तराखंडी से सहयोग की अपेक्षा की है। 23 वर्षों में राज्य ने कई उपलब्धियां प्राप्त की हैं, लेकिन अभी हमें बहुत आगे जाना है।