राज्य स्थापना दिवस पर ‘भारत-भारती उत्सव’ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी के दौरान कड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। आंदोलनरत आयुष छात्रों के विरोध की आशंका के चलते पुलिस ने व्यापक और सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के साथ शुक्रवार को लंबी बातचीत की। उन्हाेंने सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों को किसी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। कहा, संबंधित पुलिस बल वीआईपी ड्यूटी में दो घंटे पहले अपने प्वाइंट पर पहुंचकर आसपास के स्थान को अच्छी तरह चेक कर लें। सिर्फ अधिकृत लोगों और वाहनों को अंदर जाने की इजाजत रहेगी।
कार्यक्रम में आने वाले लोगों को सघन तलाशी के बाद प्रवेश की अनुमति दी जाए। बेरिकेडिंग आदि पर किसी को खड़ा न होने दिया जाए। ड्यूटी के दौरान न तो मोबाइल फोन का प्रयोग करे और न बिना बताए ड्यूटी स्थल छोड़ें। एसपी ने थाना प्रभारियों को धर्मशालाओं, होटलों, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन आदि पर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी देहात प्रमेंद्र डोभाल, पुलिस अधीक्षक यातायात प्रकाश चंद्र आर्य आदि मौजूद रहे।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को लेकर सुरक्षा और संवेदनशीलता के मद्देनजर प्रशासन ने परेड ग्राउंड से धरनास्थल को शिफ्ट कर दिया है। जिलाधिकारी ने लैंसडोन चौक के पास अधिसूचित धरनास्थल को पीआरडी ग्राउंड तपोवन, रायपुर या फिर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में शिफ्ट करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
शनिवार को राज्य स्थापना दिवस पर परेड ग्राउंड में आयोजित ‘भारत भारती कार्यक्रम’ में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि पास में ही धरनास्थल पर विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता धरना दे रहे हैं। ऐसे में किसी भी संभावित प्रदर्शन या जुलूस आदि को देखते हुए उन्हें शिफ्ट करने पर विचार किया गया था।
इस पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से रिपोर्ट भी मांगी थी। रिपोर्ट आने पर धरनास्थल को एक दिन के लिए शिफ्ट करने पर सहमति बनी है। अब शनिवार को धरनास्थल एक दिन के लिए पीआरडी ग्राउंड तपोवन रायपुर या फिर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज शिफ्ट किया जाएगा।