बैठक में एनएचएम के प्रभारी अधिकारी डॉ.जीएस जोशी ने अस्पतालों में एक्सरे एवं विकिरण उत्पन्न करने वाले उपकरणों से मरीजों एवं तकनीशियनों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। अटल आयुष्मान उत्तराखंड के गोल्डन कार्ड का मसला भी उठा।
बताया गया कि पात्र परिवार के प्रत्येक सदस्य का गोल्डन कार्ड बनाना सुनिश्चित किया जाएगा। यह भी तय हुआ कि जिन अस्पतालों में मरीजों की संख्या अधिक है, वहां सीटी स्कैन एवं एमआरआई की सुविधा प्रदान की जाएगी। बैठक में सीएमओ, पीएमएस और सीएमएस को निर्देश दिए गए कि बजट के लिए एनएचएम के तहत मांग की जाए।
वहीं दूरस्थ क्षेत्रों में मरीजों को इमरजेंसी के दौरान तत्काल उपचार के लिए फर्स्ट रेफरल यूनिट विकसित की जाए। प्रत्येक जिले में ट्रॉमा सेंटरों को क्रियाशील बनाने के भी निर्देश दिए गए। हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों को शीघ्र संचालित करने को भी कहा गया है।