मुन्नी देवी शाह के इस्तीफे के बाद चमोली जिपं अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर चल रही रार भी थम गई है। अब जिपं उपाध्यक्ष लखपत बुटोला को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने की चर्चा शुरू हो गई है। यहां बता दें कि 10 अगस्त 2014 को मुन्नी देवी शाह ने अध्यक्ष की कुर्सी संभाली थी। विधायक बनने के बाद उनके अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही थी। लेकिन उन्होंने तीन माह तक इस्तीफा नहीं दिया।
10 अगस्त 2018 को जिपं उपाध्यक्ष लखपत बुटोला ने पंचायतीराज एक्ट का हवाला देते हुए स्वयं ही एकतरफा अध्यक्ष का पद ग्रहण कर लिया था। लेकिन जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप कर अध्यक्ष के कक्ष में ताला लगा दिया था। मामले को लेकर लखपत बुटोला ने कोर्ट की शरण भी ली। इस बीच 22 सितंबर को जिपं सदस्यों ने उपाध्यक्ष लखपत बुटोला का साथ देकर अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास का प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंपा। इस प्रस्ताव पर चर्चा होने से पहले ही मुन्नी देवी ने अध्यक्ष ने पद से इस्तीफा दे दिया।