मालरोड में अव्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। पर्यटन समिति अध्यक्ष सचिन गुहेर ने मालरोड की बदहाल व्यवस्था के लिए पर्यटन विभाग और नगर पालिका के पर्यटन अधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए धरना दिया और पर्यटन अधिकारी चंद्रप्रकाश बडोनी के इस्तीफे की मांग की।नगर पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासद सचिन गुहेर ने आरोप लगाया कि मालरोड पर रेंटल गाड़ियों की धम्मा-चौकड़ी लगातार बनी हुई है। प्रतिबंधित समय में भी वाहनों की आवाजाही हो रही है और मालवाहक वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अव्यवस्थाओं के कारण जनता और पर्यटकों में नाराजगी है। गुहेर ने कहा कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक मालरोड की व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकती। बोर्ड बैठक शुरू होने से पहले सचिन गुहेर सहित अन्य सभासदों ने बोर्ड रूम में ही धरना दिया और विरोध दर्ज कराया।