कटापत्थर में जर्जरहाल पोलों को बदलने का काम करते श्रमिक।
- फोटो : VIKAS NAGAR
यूपीसीएल ने कटापत्थर में यमुना नदी किनारे खड़े जर्जरहाल बिजली के पोलों को बदलने का काम शुरू कर दिया है। बीते कई सालों से ये पोल नदी किनारे जर्जर हालत में खड़े हुए थे, जिससे अनहोनी की आशंका बनी रहती थी। इन्हीं पोलों के सहारे बिन्हार क्षेत्र के बोसान, हथियारी, मदर्सू, पपड़ियान समेत 12 से अधिक घरों में बिजली आपूर्ति की जाती थी। लंबे समय से ग्रामीण पोलों को बदलने की मांग कर रहे थे। लेकिन, विभाग ने एक नहीं सुनी।
बीते बुधवार को अमर उजाला ने खबर को ‘जर्जर बिजली के खंभों से हादसे का अंदेशा’ शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद विभाग ने बिजली के पोलों को बदलने का काम शुरू कर दिया। ग्रामीण विकास तोमर, अमित तोमर, विनय, अंकित आदि का कहना है कि पोलों को बदलने के बाद लोगों को अनहोनी की आशंका नहीं सताएगी। इस साल यदि इन पोलों को नहीं बदला जाता तो बरसात में ये पोल पानी के तेज बहाव में बह भी सकते थे। वहीं, यूपीसीएल के सहायक अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि पोलों को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है।