- कहा, राज्य में चल रही अनेक विकास योजनाएं, जनता को भाजपा पर विश्वास
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में शिक्षा, रोजगार और रिवर्स पलायन सहित कई मुद्दों का सकारात्मक और उत्साहजनक नतीजे सामने आए हैं। जनता का धामी सरकार पर भरोसा बढ़ा है।
नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि गैर भाजपा सरकारों की अपेक्षा वर्तमान धामी सरकार में हो रहे विकास कार्य एक नजीर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारे पर्वतीय क्षेत्र के छात्र अपना जौहर दिखा रहे हैं। अखिल भारतीय स्तर की परीक्षाओं से लेकर राज्य में निष्पक्ष रूप से अनेक रोजगार परक परीक्षाओं में बेरोजगार रोजगार हासिल कर रहे हैं। नकल विहीन परीक्षा का ही नतीजा है कि 40 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी हासिल हुई। चौहान ने कहा कि आज बेहतर कनेक्टिविटी का ही नतीजा है कि प्रदेश में पर्यटकों की स्थिति कई गुना हर साल रिकार्ड स्तर पर बढ़ रही है। सड़क और वायु यातायात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। हमारे तीर्थ धामों में बेहतर आल वेदर रोड से लेकर अन्य स्थानों पर भी सुविधाएं विकसित हुईं और आज उत्तराखंड टूरिज्म का हब बना है, जो हजारो युवाओं को रोजगार मुहैया करा रहा है।