नगर में वीकेंड के चलते रविवार को पर्यटकों की चहलकदमी से सरोवर नगरी गुलजार रही। सुबह से शाम तक जगह-जगह पर्यटकों का तांता लगा रहा। रविवार सुबह से ही नगर के तल्लीताल, मालरोड, पंत पार्क, बैंड स्टैंड, बोट स्टैंड, भोटिया मार्केट, हिमालय दर्शन आदि जगह पर पर्यटकों की भीड़ रही। पर्यटकों की भीड़ के चलते स्थानीय कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए।
वहीं, झील में पर्यटक सुबह से शाम तक नौकायन करते नजर आए। नगर में वाहनों का दबाव बढ़ने से कई बार जाम की स्थिति बनी, पुलिस को यातायात व्यवस्थित बनाने में पसीना बहाना पड़ा। इधर, चिड़ियाघर में 447, वाटर फॉल में 472, हिमालयन बॉटनिकल गार्डन में 78, केव गार्डन में 300 पर्यटकों ने मौज मस्ती की। बारापत्थर में 105 पर्यटकों ने घुड़सवारी की।
दशहरा और रविवार की छुट्टी के दिन देहरादून से सटे पिकनिक स्पॉट पर्यटकों से गुलजार रहे। इनमें देहरादून के अलावा सहारनपुर और बिजनौर आदि सीमावर्ती जिलों से भी पर्यटक शामिल रहे। हालांकि, त्योहार के सीजन को देखते हुए पर्यटकों ने जल्द लौटना उचित समझा।
रविवार को यूं तो इस बार दशहरा होने के कारण शहर में जगह-जगह भीड़ रहीं। वहीं, देहरादून से सटे सहस्त्रधारा, गुच्चूपानी, मालदेवता आदि जगहों पर दोपहर के वक्त पर्यटकों उमड़े। हालांकि, त्योहार होने के कारण रविवार उत्तर प्रदेश, हिमाचल, दिल्ली और पंजाब से कम पर्यटक देहरादून पहुंचे।