लंबे इंतजार के बाद तीर्थनगरी में शनिवार को गंगा में राफ्टिंग शुरू हो गई। गंगा में रंग-बिरंगी राफ्टें उतरने से व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। इसके अलावा राफ्टिंग से जुड़े दूसरे लघु व्यवसायी भी खुश हैं। साहसिक खेलों के शौकीनों की गतिविधियां भी अब तीर्थनगरी में बढ़नी शुरू हो गई हैं। पहले दिन हरियाणा दिल्ली से आए करीब 500 पर्यटकों ने राफ्टिंग का लुत्फ उठाया।
Coronavirus in Uttarakhand : मास्क बना ढाल, 90 प्रतिशत वारयस को रोकने में सक्षम
वैश्विक महामारी के कारण उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। पिछले छह महीने से ऋषिकेश के मुनिकीरेती कोडियाला ईकोटूरिज्म जोन में साहसिक गतिविधियां पूरी तरह से बंद थीं, लेकिन अब गंगा में रोमांच का सफर फिर से शुरू हो गया। शनिवार को ब्रह्मपुरी, मरीनड्राइव और शिवपुरी पर्यटकों की गतिविधियों से गुलजार रहा।
पीक प्वांइटों से पर्यटकों ने राफ्टिंग का जमकर लुत्फ उठाया। राफ्ट संचालक जीतपाल सिंह, राज सिंह, हुक्कम रावत, मुकेश तड़ियाल, जितेंद्र धाकड़, अनुभव पयाल, राकेश चमोली ने बताया कि राफ्ट का संचालन शुरू होने से अब मुनिकीरेती, तपोवन, लक्ष्मणझूला और स्वर्गाश्रम में पर्यटकों की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। राफ्टिंग के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। उम्मीद है कि कोरोना का साया जल्द छट जाएगा।
गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति के अध्यक्ष दिनेश भट्ट नेे बताया कि बीते शुक्रवार को शासन से राफ्टिंग शुरू करने को हरी झंडी मिल गई थी। तीर्थनगरी के राफ्ट व्यवसायियों ने ऑनलाइन माध्यम से जिला पर्यटन विभाग में अपने शपथ पत्र भर दिए हैं। कहा राफ्टिंग के संचालन में कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है। 09 प्लस 02 क्षमता वाली राफ्ट में 04 प्लस 02 (चार पर्यटक, एक गाइड, एक हेल्पर) ही बैठ रहे हैं। गाइडलाइन में राफ्ट में 06 फुट की दूरी का नियम है। जबकि, एक राफ्ट 16 फुट लंबी होती है। इस तरह से नियमों का पालन करते हुए राफ्टिंग शुरू कर दी गई है।
गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति की ओर से जारी रेट लिस्ट
कुड़ियाला से रामझूला/नीम बीच तक 35 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 2500 रुपये
कुड़ियाला से शिवपुरी 20 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 1500 रुपये
मैरिन ड्राइव से शिवपुरी 10 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 1000 रुपये
मैरिन ड्राइव से रामझूला/नीम बीच तक 25 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 1500 रुपये
शिवपुरी से रामझूला/नीमबीच 15 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 1000 रुपये
ब्रह्मपुरी से रामझूला/नीमबीच 9 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 600 रुपये
क्लब हाउस से रामझूला/नीमबीच 9 किमी, प्रति व्यक्ति किराया 600 रुपये
अभी फिलहाल हरियाणा और दिल्ली के पर्यटक उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं। हालांकि, इनकी संख्या अभी ज्यादा नहीं है। पर जिस उत्साह के साथ पर्यटक यहां आ रहे हैं, उससे राफ्टिंग व्यवसायियों को काफी उम्मीदें हैं।
- दिनेश बिष्ट, अध्यक्ष गंगा नदी राफ्टिंग रोटेशन समिति