अगर आपके मोबाइल फोन पर +92 ×××××××××× नंबर से कॉल आए तो उसे कतई रिसीव न करें।
दरअसल, पाकिस्तानी साइबर ठगों ने अब मोबाइल फोन का बैलेंस चुराने का यह नया तरीका ईजाद कर लिया है। ऐसी ही ठगी के शिकार हुए एक ट्रैवल एजेंसी संचालक ने फोन उठाया तो उसका 1600 रुपए का बैलेंस चुरा लिया गया। पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
13 अप्रैल को देहराखास निवासी ट्रेवल एजेंसी संचालक प्रवीण अरोड़ा के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। काल करने वाले नंबर का आईएसडी कोड +92 था। यह नंबर पाकिस्तान का कोड है। प्रवीण ने काल उठाई तो दूसरी ओर से बात करने वाले ने खुद को क्विकर डॉट कॉम का प्रतिनिधि बताया।
कहा कि दून में साइट की एजेंसी खोलनी है। अगर अरोड़ा ने एजेंसी खोली तो हर माह तीस से पचास हजार रुपये का मुनाफा होगा। प्रवीण बातों में आ गए। काल करने वाले ने बात खत्म करते हुए कहा कि पांच मिनट बाद फोन पर मैसेज आएगा। उस नंबर पर काल कर जरूरी जानकारी देनी होगी।
पांच मिनट बाद अरोड़ा को मैसेज मिला। उन्होंने फोन किया, लेकिन दो बार काल करने पर भी किसी ने नहीं उठाया। तीसरी बार काल किया तो पता चला कि उनके मोबाइल पर सर्विस बंद हो चुकी है।
अरोड़ा मोबाइल कंपनी के कार्यालय पहुंचे तो पता चला कि पोस्टपेड कनेक्शन की बिल लिमिट 1600 रुपए हो जाने से ऐसा हुआ था। पता चला कि पाकिस्तानी ठगों ने यह करतूत की थी। अरोड़ा ने मामले में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करा दी। एसपी सिटी अजय सिंह ने बताया कि लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है।