देहरादून। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की लापरवाही छात्रों पर भारी पड़ रही है। विवि ने कई कक्षाओं के छात्रों के प्रैक्टिकल अंक जोड़े बिना ही रिजल्ट जारी कर दिया। शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो सकी है।
डीबीएस पीजी कॉलेज में बीएससी के दूसरे सेमेस्टर व अन्य कक्षाओं के 100 से ज्यादा छात्रों के रिजल्ट में प्रैक्टिकल के अंक नहीं जोड़े गए हैं। इससे छात्रों का अंक प्रतिशत खराब हो रहा है। छात्रों ने कॉलेज प्राचार्य प्रो. वीसी पांडेय से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। कॉलेज की ओर से विवि को कई बार इसमें सुधार को अनुरोध किया जा चुका है। अब छात्रों ने खुद ही विवि परिसर जाने का फैसला लिया है।
बीएससी में दूसरे सेमेस्टर के 85 व अन्य कक्षाओं के छात्रों के प्रैक्टिकल के अंक नहीं जोड़े गए हैं। जबकि, कॉलेज स्तर से समय पर विवि को अंक भेजे गए थे। छात्रों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। विवि को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। अब दो-दो, तीन-तीन छात्र समूह में श्रीनगर स्थित विवि परिसर जा रहे हैं। -प्रो. वीसी पांडेय, प्राचार्य, डीबीएस पीजी कॉलेज।