सिटी बस यूनियन के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल ने परिवहन विभाग पर सवाल उठाकर शिकायती पत्र शासन को भेजा है। उन्होंने परिवहन विभाग से कई बिंदुओं पर जानकारी मांगी थी, लेकिन उन्हें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
डंडरियाल ने बताया कि उन्होंने परिहवन विभाग के पूछा था कि अर्बन मोबिलिटी प्लान में आरटीओ को कितने अधिकार दिए गए हैं। अर्बन मोबिलिटी प्लान को लेकर आरटीओ ही अधिकृत हैं या गठित कमेटी मिलकर कोई निर्णय लेगी। लेकिन, परिवहन कार्यालय ने कोई सूचना नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरटीओ को न ही परिवहन आयुक्त कार्यालय से ऐसे कोई अधिकार प्राप्त हैं न ही अभी मोबिलिटी प्लान के लिए कमेटी गठित की गई है। आरटीओ स्वयं ही अपने हस्ताक्षर से आदेश दे रहे हैं।
कहा, परिवहन आयुक्त व जिलाधिकारी को भी इस प्रकरण से अवगत कराया है। पत्र में बताया कि आरटीओ के आदेशों से शहर में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों के अंदर भय का वातावरण बन गया है, कहा जा रहा है कि शहर के अंदर सिटी बस और टाटा मैजिक चलेंगे, विक्रम को बाहरी मार्गों पर चलाया जाएगा। लेकिन, अभी कोई कमेटी गठित नहीं हुई है, न ही कोई अध्यक्ष सचिव या अन्य सदस्यों का चयन हुआ है तो ऐसे आदेश कैसे दिए जा रहे हैं। इसकी जांच की जाए।