जनशताब्दी एक्सप्रेस के तोहफे से खुश सीमांत के लोगों को ट्रेन की यात्रा अवधि ने निराश किया है। एक्सप्रेस पर टनकपुर से दिल्ली तक का सफर पौने दस घंटे का होगा, वहीं यात्रियों को चेयर में बैठे-बैठे सफर तय करना होगा।
नए साल में सीमांत के अंतिम रेलवे स्टेशन टनकपुर से दिल्ली के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस की मंजूरी से लोग खुश हैं। उम्मीद थी कि जनशताब्दी के चलने से दिल्ली का सफर सात घंटे का होगा, लेकिन लोगों की उम्मीद के विपरीत जनशताब्दी में भी दिल्ली का सफर पौने दस घंटे का होगा।
वहीं चेयर ट्रेन होने से लोगों को पौन दस घंटे का सफर भी चेयर पर बैठकर तय करना होगा। हालांकि रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन चेयरें बेहद आरामदायक हैं और यात्रियों को सफर में मजा आएगा।
12 कोचों में दो एसी, दो जनरेटर चेयरकार कोच
आज से दिल्ली के लिए दौड़ने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस में 12 चेयरकार कोच हैं। आठ चेयरकार कोचों के अलावा दो एसी (वातानुकूलित) चेयरकार कोच तो दो जनरेटर चेयरकार कोच हैं।
ट्रेन से खटीमा पहुंचे सांसदों का हुआ स्वागत
टनकपुर से पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस से खटीमा पहुंचे राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी एवं सांसद अजय भट्ट का प्लेटफार्म पर स्वागत किया गया। इस ट्रेन का स्टॉपेज खटीमा होने पर लोगों ने दोनों नेताओं को धन्यवाद भी दिया। नई ट्रेन से उतरते ही सांसद बलूनी एवं सांसद भट्ट संजय पार्क स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सांसद अजय टम्टा, विधायक पुष्कर सिंह धामी, डॉ. प्रेम सिंह राणा भी मौजूद थे।
वरिष्ठ व्यवसायी राजीव अग्रवाल के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य सभा सांसद बलूनी ने कहा कि भाजपा सरकार उत्तराखंड के चौतरफा विकास के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस के समय को लेकर जो संशय है उसे शीघ्र दूर किया जाएगा। पत्रकारों के सवालों के जवाब में बलूनी ने कहा कि रेल मंत्रालय पहाड़ के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों तक शीघ्र ही रेल सेवा शुरू करेगा।
उन्होंने किच्छा-टनकपुर से बागेश्वर-रामनगर-गैरसैंण को शीघ्र रेल सेवा से जोड़ने की बात भी कही। सांसद अजय भट्ट ने कहा कि थारु जनजाति एवं सैनिक बाहुल्य क्षेत्र की जनता के साथ यहां के व्यापारियों को रेल सेवा का पूरा लाभ मिलेगा। राज्य सभा सांसद ने विधायक पुष्कर सिंह धामी की पीठ थपथपाई और कहा कि धामी के विकास संबंधी प्रयासों को क्षेत्र ही नही प्रदेश स्तर पर भी सराहा जाने लगा है। इस दौरान नंदन सिंह खड़ायत, गोपाल बोरा, रंदीप पोखरिया, मोहनी पोखरिया, वरुण अग्रवाल आदि मौजूद थे।
वैष्णो देवी तक नई ट्रेन चलाने की उठाई मांग
राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी एवं सांसद अजय भट्ट को यहां पहुंचने पर महिला मोर्चा जिला महामंत्री रेनू भंडारी ने पर्वतीय समाज के लिए सामुदायिक भवन, पूर्णागिरि से वैष्णो देवी तक नई रेल सेवा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। वहीं विश्वजीत ने जलभराव से निजात दिलाने के लिए सीवर लाइन बनाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।