समान नागरिक संहिता के परीक्षण एवं क्रियान्वयन के लिए गठित विशेष समिति 24 व 25 मई को देहरादून में राज्य के विभिन्न आयोगों व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेगी। इस दौरान वह जन संवाद के माध्यम से लोगों के विचार व मंतव्य से भी अवगत होगी।
विज्ञापन
अपर सचिव समान नागरिक संहिता विशेषज्ञ समिति प्रताप सिंह शाह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड राज्य में रहने वाले सभी नागरिकों के व्यक्तिगत मामलों को नियंत्रित करने वाले सभी प्रासंगिक मामलों की जांच करने एवं समान नागरिक संहिता के परीक्षण एवं क्रियान्वयन के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन हुआ है।
यह समिति 24 मई को सुबह 11.00 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक एनेक्सी भवन स्थित यूसीसी कार्यालय में विभिन्न आयोगों के साथ बैठक करेगी। इसी दिन शाम तीन बजे से सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम देहरादून में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
इसमें प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रमुख संवाददाता अपने विचार, मंतव्य एवं अभिमत प्रस्तुत करने के लिये आमंत्रित रहेंगे। अगले दिन 25 मई को सुबह 10.00 बजे से शाम पांच बजे तक यूसीसी कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक व विचार विमर्श होगा।