थाना क्षेत्र अंतर्गत टौंस नदी किनारे से युवती का शव बरामद हुआ है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष कालसी रविंद्र नेगी ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब 1.15 बजे ग्राम चौकीदार महावीर सिंह निवासी-ग्राम खादर ने फोन के जरिए थाना पुलिस को सूचना दी कि ग्राम खादर के पास नदी के किनारे एक महिला का शव पड़ा है। जिस पर उपनिरीक्षक जयेंद्र सती मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव संभवत: नदी में बहकर आया है। शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक की उम्र करीब 19 साल है।