बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित महासंघ ने सरकार पर नियुक्ति के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाते हुए शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। वहीं आज (शुक्रवार) इसके विरोध में गांधी पार्क से घंटाघर तक भीख मांगने का ऐलान किया है।
शिक्षा निदेशालय में एकत्र हुए बेरोजगारों ने कहा कि सरकार के कई बार के आश्वासन के बावजूद शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। बेरोजगारों ने कहा कि हाईकोर्ट से पुरानी भर्ती पर रोक है, लेकिन विभाग ने नई भर्ती पर भी रोक लगाई हुई है।
भर्ती में देरी से कई बेरोजगार आयु सीमा पार करने जा रहे हैं। जिससे उनका शिक्षक बनने का सपना हमेशा के लिए अधूरा रह सकता है। वहीं बेरोजगारों का क्रमिक अनशन गुरुवार भी जारी रहा।
क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में अमित शर्मा, विजय डिमरी, देवी प्रसाद बिजल्वाण, अमित कुमार, देशराज कलूड़ा, मनोज रावत, अरविंद बडथ्वाल, अरविंद राणा, भारती, ज्योति, पूजा, अनिता, रचना आदि शामिल थे।
आदेश न होने तक अनशन रहेगा जारी
शिक्षकों के वेतन भुगतान की मांग के लिए अशासकीय विद्यालय संगठन का क्रमिक अनशन बृहस्पतिवार भी जारी रहा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक भंडारी ने कहा कि जब तक वेतन का आदेश जारी नहीं होता, संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। धरना देने वालों में निर्मला देवराड़ी, महताब, रामचंद्र नेगी, राकेश पंत, रघुवीर बुटोला, बृजमोहन उपाध्याय आदि शामिल थे।