गढ़वाल रेंज में शुरू किए गए ऑपरेशन लगाम के तहत दून पुलिस ने एक सप्ताह में 587 लोगों के चालान काटे हैं। विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर इन सभी से 1.67 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। इसके अलावा 67 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पिछले दिनों रेंज स्तर पर ऑपरेशन लगाम शुरू किया गया था। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, वाहन में अवैध रूप से शस्त्र या लाठी डंडे रखने, शराब पीकर वाहन चलाने, रैश और स्टंट ड्राइविंग करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। बीते कुछ दिनों से पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में गत दो जून से आठ जून यानी रविवार रात तक 587 लोगों के चालान कर उनसे 1.67 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
इसके अलावा 163 लोगों के न्यायालय के चालान किए गए हैं। विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 67 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सैकड़ों वाहनों को सीज भी किया गया है। एसएसपी ने बताया कि इसके लिए रायपुर क्षेत्र, पटेलनगर और राजपुर थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की जा रही है। मसूरी मार्ग पर भी सख्त निगरानी करते हुए हुड़दंगियों को हिरासत में लिया जा रहा है।