बीसीसीआई की अंडर-23 वनडे ट्रॉफी में उत्तराखंड को खराब बल्लेबाजी के कारण एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा है। हिमाचल की घातक गेंदबाजी के सामने टीम महज 84 रनों पर ढेर हो गई। हिमाचल ने यह मैच पांच विकेट से जीता। ग्रुप में पांचवीं हार के बाद उत्तराखंड की टीम क्वालीफाइंग राउंड से भी बाहर हो गई।
अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के बीच हुए मुकाबले में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी की। कुछ ही देर में उत्तराखंड के बल्लेबाजों के लिए क्रीज पर टिकना मुश्किल होता नजर आया। सलामी बल्लेबाज तनुष गुसाई 2, तुषार सकलानी 9, आर्यन शर्मा 4, कप्तान अजीत सिंह रावत 6, विजय सुभाष शून्य, अभिनव बिष्ट 4 रन पर आउट हुए।
सन्नी कश्यप ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। महज 29 ओवर में उत्तराखंड की पूरी टीम 84 रनों पर आउट हुई। हिमाचल की तरफ से वैभव अरोरा ने 6 विकेट झटके। जे ठाकुर ने 2 विकेट लिए। 85 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिमाचल को शुरुआती झटके जरूर लगे, लेकिन इसके बाद शुभम अरोरा ने टीम को संभाला। शुभम ने 41 रनों की अहम पारी खेली। अपूर्व वालिया ने भी नाबाद 14 रन बनाए। हिमाचल ने 25.3 ओवर में 85 रन बनाकर मैच जीता। उत्तराखंड की तरफ से अग्रिम तिवारी ने 3, विकास व निखिल ने एक-एक विकेट लिया।
हरियाणा की छत्तीसगढ़ पर 110 रनों से जीत
तनुष क्रिकेट एकेडमी में हरियाणा व छत्तीसगढ़ के बीच हुए मुकाबले में हरियाणा ने 110 रनों के बड़े अंतर से मैच जीता। हरियाणा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.4 ओवर में 187 रन बनाए। इसमें अंकित फांगा ने 76 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। दीपांशु ने 44 रन बनाए।
छत्तीसगढ़ के विश्वरंजन ने 4, आनंद राव ने 3, आकाश सक्सेना ने 2 विकेट लिए। जवाब में टीम छत्तीसगढ़ 20.3 ओवर में 77 रनों पर ढेर हो गई। आशीष पांडे ने 20, प्रतीक यादव ने 2, संजीत देसाई ने 16 रन बनाए। हरियाणा की तरफ से रोहित ढांडा ने 6, साहिल हुड्डा ने 2 विकेट लिए।
सौराष्ट्र की गोवा पर 151 रनों से जीत
कसिगा क्रिकेट ग्राउंड में हुए मुकाबले में सौराष्ट्र ने गोवा को 143 रनों से शिकस्त दी। सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 294 रन बनाए। तरंग गोहेल ने 88, पार्थ भट्ट ने 67, केविन ने 37 रनों का योगदान दिया।
गोवा की तरफ से अमित मिश्रा, वेदांत व धीरज ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में गोवा 45 ओवर में 143 रनों पर सिमट गई। गोवा से कश्यप ने 48, विशंबर ने 36 रन बनाए। सौराष्ट्र की तरफ से देवांग व पटेल भाई ने 2-2 विकेट झटके।