माजरी गांव में मृतक के परिजनों से वार्ता करते विधायक सहदेव पुंडीर।
- फोटो : VIKAS NAGAR
सेलाकुई। शिमला बाईपास रोड पर माजरी गांव के पास बृहस्पतिवार को एक बेकाबू ट्रक ने टहलने निकले बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में घायल बुजुर्ग की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण होती देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सभावाला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत माजरी गांव निवासी खेम सिंह कश्यप (60) पुत्र मुख तारा बृहस्पतिवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान देहरादून की तरह से आ रहे एक रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खेम सिंह उछल कर कुछ दूरी पर जा गिरे। उनके सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आ गईं। आननफानन आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खेमसिंह को सीएचसी प्रेमनगर के लिए भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद भड़के ग्रामीण
दुर्घटना के बाद माजरी गांव के लोग सड़क पर उतर आए। ग्रामीण ट्रक चालक को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। स्थिति तनावपूर्ण होता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। सीओ विकासनगर बीसी धोनी भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। बाद में विधायक सहदेव पुंडीर खेम सिंह ने परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि चालक और वाहन को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।