धोईरा बैंड के पास खाई में गिरे युवक के शव को बाहर निकालकर लाते एसडीआरएफ व कालसी पुलिस के जवान।
- फोटो : VIKAS NAGAR
चकराता रोड पर धोईरा बैंड के पास एक बाइक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना के समय बाइक से छिटक कर सड़क पर ही गिरी युवक की पत्नी भी दुर्घटना में घायल हुई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। उधर, दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को खाई से निकालकर मोर्चरी के लिए भिजवा दिया है।
शनिवार की सुबह लगभग साढे़ 10 बजे कालसी से लगभग छह किलोमीटर की दूरी पर स्थित धोईरा बैंड के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बाइक सवार युवक की पत्नी इस दौरान छिटक कर सड़क पर ही गिर गईं। महिला के शोर मचाने पर एकत्रित हुए ग्रामीण खाई में उतरकर युवक के पास पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उधर, घटना की सूचना मिलने पर कालसी पुलिस व एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को खाई से बाहर निकालकर उसे मोर्चरी के लिए भिजवा दिया है। कालसी के थाना प्रभारी अशोक राठौड़ ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नरेंद्र सिंह पुत्र दौलत सिंह निवासी हयौ टगरी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उसकी घायल पत्नी इंदो देवी को मामूली चोट आई थी, इसलिए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।